न्यूज़ डेस्क: हिन्दुस्तान के जाने-माने इतिहासकार और लेखक बाबासाहेब पुरंदरे का सोमवार प्रातः पुणे के दीनानाथ मंगेशकर मेमोरियल हॉस्पिटल में देहांत हो गया। वे 99 साल के थे। हॉस्पिटल प्रशासन के अनुसार, पुरंदरे को शनिवार यानि कि 13 नवंबर 2021 को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था, जिसके उपरांत हालात गंभीर होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रख दिया गया। इसके बाद से ही उनकी स्थिति में कोई भी सुधार देखने को नहीं मिला।
वहीं इसी वर्ष, पीएम नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से पुरंदरे को शुभकामनाएं दी थी. पीएम मोदी ने बोला था कि -“बाबासाहेब का कार्य प्रेरणादायक है। मैं छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित बाबासाहेब के नाटक ‘जनता राजा’ को देखने के लिए पुणे पंहुचा था। यहां तक कि जब बाबासाहेब अहमदाबाद आते थे तो मैं उनके कार्यक्रमों में भी जाया करता था.” बाबासाहेब पुरंदरे का जन्म 29 जुलाई, 1922 को हुआ था, उन्हें 2019 में भारत के दूसरे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है।
बाबासाहेब पुरंदरे के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट करके बोला है कि शिवशहीर बाबासाहेब पुरंदरे अपने व्यापक कार्यों की वजह से जीवित रहेंगे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं. ओम शांति।







