न्यूज़ डेस्क: विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं.अब आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने पार्टी छोड़ दी है. डॉ. धर्म सिंह सैनी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. बताया जा रहा है कि सहारनपुर की नकुड़ सीट से भाजपा विधायक धर्म सिंह सैनी ने सरकारी आवास और सिक्योरिटी छोड़ दी है. उन्होंने भी स्वामी प्रसाद मौर्य और दारा सिंह चौहान की तरह मंत्री पद छोड़ दिया है.
बता दें, स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद से ही सैनी के इस्तीफे की खबरें चल रही थीं, लेकिन उन्होंने इन दावों को सिरे से नकारते हुए कहा था कि वह भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और आगे भी रहेंगे।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ मुकेश वर्मा ने बृहस्पतिवार सुबह एक पत्र जारी कर भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को प्रेषित पत्र में उन्होंने लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी में पिछड़ों दलितों एवं अल्पसख्यकों को कोई तवज्जो नहीं दी गई और न ही उन्हें सम्मान दिया गया.
उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलितों, बेरोजगारों, नौजवानों एवं मध्यम एवं लघु उद्योग व्यापारियों, दुकानदारों आदि की आवाज को अनसुना करना और उन्हें न्याय न मिलने की बात के चलते स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में वह इस लड़ाई को आगे जारी रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं. पत्र में उन्होंने लिखा कि स्वामी प्रसाद मौर्य जी शोषित पीडितों की आवाज हैं और वह हमारे नेता हैं, मैं उनके साथ हूं. विधायक ने इस पत्र की एक प्रति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी भेजी है.
यूपी सरकार के पूर्व श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को और एक अन्य पूर्व मंत्री दारा सिहं चौहान ने बुधवार को इस्तीफा दिया था. ऐसी अटकले लगाई जा रही हैं कि यह दोनो मंत्री अपने समर्थक विधायकों के साथ शुक्रवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं. उनके समर्थकों के बीच ऐसी चर्चा है कि वर्मा समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं.







