न्यूज़ डेस्क: जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में रातभर सुरक्षा बलों और आंतकवादियों के बीच चली मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी नागरिक सहित जैश-ए-मोहम्मद के 6 आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि दक्षिण कश्मीर में बुधवार को शुरू हुई दो मठभेड़ों में मारे गए आतंकवादियों की संख्या अब छह हो गई है। कुलगाम जिले में हुई मुठभेड़ में भी तीन आतंकवादी मारे गए थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कश्मीर जोन पुलिस ने कश्मीर के महानिरीक्षक विजय कुमार के हवाले से ट्वीट कर कहा, “दो अलग-अलग मुठभेड़ों में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकवादी मारे गए। मारे गए आतंकवादियों में से 4 की पहचान दो पाकिस्तानी और दो स्थानीय आतंकवादियों के रूप में की गई है। अन्य दो आतंकवादियों की पहचान का पता लगाया जा रहा है। यह हमारे लिए बड़ी सफलता है।“
अनंतनाग जिले के नौगाम शाहाबाद में आतंकवादियों की मौजूदी की जानकारी मिलने के बाद बुधवार रात सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चला दीं। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे यह अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए। एक पुलिस कर्मी भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि ये जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी थे और मारा गया एक आतंकवादी पाकिस्तानी नागरिक था।
कुमार ने ट्वीट किया, ‘दो अलग- अलग मुठभेड़ों में जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकवादी मारे गए हैं। इनमें से अब तक चार की पहचान हो पाई है, जिनमें से दो के पाकिस्तानी और दो अन्य के स्थानीय नागरिक होने की जानकारी मिली है। दो अन्य आतंकवादियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। यह एक बड़ी उपलब्धि है।’ पुलिस ने बताया कि कुलगाम जिले में हुई मुठभेड़ में भी एक पाकिस्तानी नागरिक सहित तीन आतंकवादी मारे गए थे। अन्य दो आंतकवादी स्थानीय नागरिक थे।