न्यूज़ डेस्क: वृंदावन के ब्रज रज उत्सव में हुनर हाट की धूम देखने को मिल रही है। देश के कोने-कोने से आए 200 स्टॉल देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग हुनर हाट में आ रहे हैं। पिछले आठ दिनों में करीब तीन लाख लोगों ने हुनर हाट में आकर दस्तकारों और शिल्पकारों की कला को करीब से देखा, उनके उत्पादों को सराहा और कऱोडों रुपये की खरीदारी की। आखिरी दो दिनों में पिछले दिनों की तुलना में ज़्यादा लोगों के हुनर हाट में पहुँचने की उम्मीद जताई जा रही है।
लोग सीधे स्टॉल से तो खरीदारी कर ही रहे हैं, थोक में ऑर्डर भी बुक करा रहे हैं। हुनर हाट का फूड कोर्ट “मेरा देश मेरा गाँव” में 40 स्टॉल लगे हैं जिनमें तंदूरी चाय से लेकर लिट्टी चोखा, इंदौरी पोहा, अनरसा, केरल के मसाले और अलग अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों को लोग बेहद पसंद कर रहे हैं। बच्चों और माता-पिता के साथ लोग हुनर हाट का आनंद ले रहे हैं। जगह जगह बने सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी आम जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। भजन सम्राट अनूप जलोटा, मशहूर प्लेबैक सिंगर सुरेश वाडेकर, कैलाश खेर, ओसामान मीर जैसे दिग्गज अपनी गायकी का प्रदर्शन कर चुके हैं। 10 से 19 नवंबर तक चलने वाले हुनर हाट के अंतिम दो दिनों में अन्नू कपूर का अंताक्षरी कार्यक्रमऔर त्रिचूर ब्रदर्स की गायकी का जलवा देखने को मिलेगा। हुनर हाट में दस्तकारों और शिल्पकारों के आराध्य भगवान विश्वकर्मा जी की वाटिका और आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष झाँकी तैयार की गई है जिसे लोग देखने आ रहे हैं।
हुनर हाट का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील “वोकल फ़ॉर लोकल” को मज़बूती देने और धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए किया जा रहा है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख़्तार अब्बास नक़वी की कोशिशों की वजह से हुनर हाट में देश भर के दस्तकारों और शिल्पकारों की कला को मान-सम्मान और पहचान तो मिल ही रही है, एक बड़ा और खुला बाज़ार भी मिल रहा है जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मज़बूत हो रही है।






