न्यूज़ डेस्क: टोक्यो ओलंपिक में भारत ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने इस बार टोक्यो ओलंपिक में 7 पदक जीते। जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत पदक और 4 कांस्य पदक सहित कुल सात पदक हैं, जो कि भारत का अबतक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वहीं इस बार ओलंपिक में भारतीय बेटियां ने भी देश की शान बढ़ाई है। वहीं स्वदेश लौटने पर भारत के पदकवीरों को जोरदार स्वागत भी किया। इस बीच सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। इसकी तस्वीरें भी सामने आई है।
खास बात ये है कि पीएम मोदी ने भारतीय शटलर पीवी सिंधु से किए गए एक वादे को पूरा किया है। दरअसल पीएम मोदी ने पीवी सिंधु को आइसक्रीम खिलाई है। बता दें कि, टोक्यो जाने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से बात कर उनका हौसला बढ़ाया था। इस दौरान पीवी सिंधु से बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें टोक्यो ओलंपिक के लिए शुभकामनाएं दी थी।
इस बातचीत में पीएम मोदी ने कहा था कि आपकी टोक्यो में सफलता के बाद मैं भी आपके साथ में आइसक्रीम खाऊंगा। जिसके बाद आज पीएम मोदी ने अपना वादा पूरा कर दिया। बता दें कि सिंधु ने महिला एकल मैच में चीन की ही बिंगजियाओ को 21-13, 21-15 से हराकर कांस्य पदक जीता था।