न्यूज़ डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि राज्य में पैसा पहले भी था, लेकिन वह पैसा सत्ताधारी नेताओं की जेबों को भरने में लगाया जाता था. अब वह पैसा लोगों की दीवारों को तोड़कर निकाला जा रहा है. समाजवादी इत्र का नारा देने वाले प्रदेश में किस प्रकार की बदबू फैलाते थे.
जिस गाड़ी में सपा का झंड़ा, समझो बैठा है कोई पेशेवर गुंडा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति से समाजवादी पार्टी का मतलब पूछोगे तो वह यही बोलेगा कि जिस गाड़ी में सपा का झंड़ा, समझो बैठा है कोई पेशेवर गुंडा. गाड़ी पर लगा सपा का झंडा ही अराजकता का प्रतीक है. कानपुर मेट्रो उद्घाटन के दौरान भी सपा कार्यकर्ताओं ने दंगा भड़काने का काम किया.
कांग्रेस ने देश के साथ हमेशा कुठाराघात किया
रायबरेली में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के साथ हमेशा कुठाराघात किया है. अगर देश के अंदर आतंकवाद की जड़ और भाषाई दंगा कराने की कोई जड़ है तो वह कांग्रेस ही है.
विपक्ष के जीन्स में शामिल है भ्रष्टाचार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस या बहुजन समाज पार्टी, भ्रष्टाचार इनके जीन्स का हिस्सा बन गया है. भ्रष्टाचार के बगैर इनका काम ही नहीं चलता. इनकी विकास की कोई सोच ही नहीं है.
आज उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं कर सकता
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले जो दंगाई प्रदेश में पर्व और त्योहारों से पहले दंगा करते थे, क्या अब उनमें यह दुस्साहस है कि वो अब फिर दंगा करें ? आज उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं कर सकता.







