बड़हलगंज: कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र सरयू नदी मे डूबकी लगाने के लिए आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़हलगंज मे श्रद्धालुओं के अत्यधिक भीड़ के चलते बड़हलगंज-दोहरीघाट पुल पर जाम की स्थिति रही। व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस को कड़ी मसक्कत करनी पड़ी। मुक्तिपथ व्यवस्थापक महेश उमर ने बताया कि 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सरयू मे आस्था की डूबकी लगाई।
शुक्रवार की भोर मे तीन बजे से श्रद्धालुओं ने रामकवल शाही घाट, कलूटशाह शिवाला घाट, तरकुलही घाट, लक्ष्मीनारायण मंदिर घाट, लेटाघाट, नयी/पुरानी हनुमानगढ़ी घाट पर डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू हुआ जो दो बजे दोपहर बाद तक चला। मुक्तिपथ पर तिल रखने की जगह नही थी। मेले का दृश्य था। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद गौ दान व मंदिरों मे दर्शन कर पुण्य कमाया।भीड़ के चलते बड़हलगंज-दोहरीघाट पुल पर वाहन रेंगने को मजबूर थे। सीओ जगतनारायण कन्नौजिया, कोतवाल उमेश बाजपेयी, चौकी इंचार्ज अभयनारायण सिंह की टीम महिला पुलिस के साथ घाटों पर मुस्तैद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से नदी मे नाव/स्टीमर के साथ पुलिस के जवान तैनात रहे। वही नगर पंचायत ने घाटों पर साफ सफाई, बैरिकेटिंग व लाइट की अच्छी व्यवस्था कर रखी थी। बहरहाल कार्तिक पूर्णिमा पर सकुशल स्नान निपटाने के बाद प्रशासन ने चैन की सांस ली।






