न्यूज़ डेस्क: अगर आप राजधानी दिल्ली के सरोजिनी नगर मार्केट में कपड़ों की खरीदारी करने जा रहे हैं तो सबसे पहले अपना मास्क और उसके साथ अपने वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट जरूर रख लीजिएगा वरना बिना खरीदारी के ही मार्केट के इंट्री गेट से आपको खाली हाथ वापस लौटना पड़ेगा। बता दें कि सरोजिनी नगर मार्केट के दुकानदारों ने मार्केट में बिना मास्क और वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट के आने वाले खरीदारों की इंट्री को बंद कर दिया है। यही नहीं बकायदा मार्केट के 4 इंट्री गेट पर मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी व दुकानदार खड़े होकर कस्टमर को सेनेटाइजर और थर्मल टेम्प्रेचर नापने के बाद वैक्सीनेशन कार्ड दिखाने के बाद ही इंट्री दे रहे हैं। यही नहीं मार्केट एसोसिएशन द्वारा लगातार इसकी अनाउंसिंग भी माईक द्वारा करवाई जा रही है।
हटाया जाए अवैध रेहड़ी-पटरी वालों को : रंधावा
सरोजिनी नगर मिनी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान अशोक रंधावा ने बताया कि बुधवार को एसडीएम वसंत विहार व मार्केट एसोसिएशन के साथ मीटिंग की गई, इसमें दिल्ली पुलिस व एनडीएमसी के अधिकारी भी शामिल हुए। जिसमें क्रिसमस व नए साल पर सोशल डिस्टेंसिंग कैसे मार्केट में हो इस पर राय ली गई। एसोसिएशन की तरफ से कहा गया कि सबसे पहले अवैध रेहडी-पटरी को हटाया जाए जिसके चलते भीड़ अनियंत्रित हो जाती है और सोशल डिटेंस नहीं रह पाता। ये लोग बीच सड़कों पर फुटपाथ को घेरकर अपना सामान बेचते हैं जबकि इन्हें हटाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने ऑर्डर भी किया हुआ है। उन्होंने बताया कि वो कई बार एनडीएमसी को इस बाबत जानकारी दे चुकी हैं लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। ऐसे में सारा नुकसान दुकानदारों को उठाना पड़ा, इसीलिए हमने मार्केट में इंट्री के लिए अपनी ओर से कुछ नियम बना दिए हैं और हम लगातार इन नियमों का पालन करवाने के लिए खरीदारों से अपील कर रहे हैं।






