न्यूज़ डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम दिल्ली पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए सीएम योगी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि अपनी इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। भाजपा यूपी में 23 अगस्त से ‘बूथ विजय अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार भाजपा अध्यक्ष नड्डा 2700 बूथ के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद स्थापित करेंगे।
हर बूथ पर 40 से 50 कार्यकर्ता भेजेगी पार्टी
भाजपा की योजना 23 सितंबर तक विधानसभा की करीब 400 सीटों पर 50 कार्यकर्ताओं को पहुंचाने की है। पार्टी विधानसभा की हर सीट पर 40 से 50 सक्रिय कार्यकर्ताओं को पहुंचाने की तैयारी कर रही है। दरअसल, कुछ दिनों पहले यूपी के मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा ने जोर पकड़ी लेकिन अभी तक इस बारे में पार्टी आगे नहीं बढ़ सकी है। विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, ऐसे में मंत्रिमंडल के विस्तार पर सीएम योगी की पार्टी अलाकमान से चर्चा हो सकती है।