न्यूज़ डेस्क: उत्तराखंड चुनाव से पहले भाजपा में अंदरूनी हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इसकी जानकारी भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें मंत्रिमंडल से भी बाहर कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने राज्यपाल को पत्र भेज दिया है।
हरक सिंह को निकाले जाने का करण चुनाव में सीटों की मांग बताई जा रही है। हरक सिंह ने विधानसभा की 3 टिकट की मांग की थी। उन्होंने एक टिकट अपने लिए और दो अपने रिश्तेदारों के लिए मांगी थी। दिल्ली में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए टिकट तय करने के लिए पार्टी की बैठक चल रही थी। इसमें रावत शामिल नहीं हुए थे।
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए यह अच्छी खबर नहीं हैं। हरक सिंह रावत की प्रतिक्रिया अभी नहीं मिल पाई है। माना जा रहा है कि वह कांग्रेस का रुख भी कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि रावत कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। हरक सिंह पार्टी से नाराज चल रहे थे। उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें भी तेज थीं। कहा जा रहा है कि रावत के साथ 3 विधायक भी भाजप छोड़ सकते हैं।






