पिपरौली (ज्वाला निगम): जनकल्याणकारी योजना में जब तक स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग नहीं मिलेगा विकास योजनाएं सार्थक नहीं हो सकती इसके लिए ग्रामीणों का सहयोग अनिवार्य है। सरकार की जितनी भी विकासपरक योजनाएं हैं उसको गांव में अमलीजामा पहनाया जाएगा। जिसके लिए ग्रामीण सहयोग करें और किसी को कोई भी अगर समस्या हो तो वह संबंधित अधिकारी को अपने समस्या से अवगत करा सकता है।
उपरोक्त बातें विकासखंड पिपरौली के अमटौरा गांव में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने कही। 30 तारीख को गांव में सभी विभागों द्वारा कैंप लगाकर गांव की समस्याओं का निदान किया जाएगा तथा 3 महीने बाद पुनः गांव में चौपाल लगाई जाएगी तथा गांव के विकास कार्य की समीक्षा मैं खुद करूंगा। साथ ही उन्होंने सख्त लहजे में उपस्थित एसडीएम को आदेश दिया कि गांव में जो भी व्यक्ति विकास परियोजनाओं का विरोध करेगा उस पर कार्रवाई की जाए और उस पर जुर्माना ठोका जाए।
डीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और जांच करके निदान करने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर सहजनवां एसडीएम सुरेश राय, पिपरौली बीडीओ कार्तिकेय मिश्रा, पिपरौली ब्लाक प्रमुख दिलीप यादव, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अरविंद कुमार सिंह, एडीओ एजी रमेश द्विवेदी, पिपरौली सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ एन राय, ग्राम सचिव नीरज यादव, पशु विभाग के डाक्टर आर के यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राम शर्मा उर्फ मोनू, सहित तमाम विभाग के अधिकारी तथा सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






